रतलाम/सरवन। जिले के सरवन थाना क्षेत्र में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब पुलिस चौकी भी उनके निशाने पर आ गई है। ग्राम बेड़दा स्थित पुलिस चौकी पर तीन लोगों ने कथित तौर पर गोफन से पत्थरबाजी कर जमकर तोड़फोड़ की और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाकर फरार हो गए। घटना 24 सितंबर की रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक आरोपी की पहचान राजेश पिता तेजिया मईड़ा निवासी ग्राम आंबापाड़ा के रूप में की है। दो अन्य संदिग्धों की पहचान के प्रयास जारी हैं।
चौकी पर हमला कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम सक्रिय है।
चौकीदार की सूचना पर पहुंची पुलिस, खिड़कियों से लेकर फर्नीचर तक तोड़ा
जानकारी के अनुसार, 24 सितंबर की रात गणेश स्थापना और त्योहार की ड्यूटी के चलते पुलिसकर्मी ग्रामीण क्षेत्रों में तैनात थे। बेड़दा चौकी पर चौकीदार मुकेश पारगी मौजूद था। इसी दौरान कुछ लोगों ने चौकी पर पत्थरबाजी कर दी।
चौकीदार मुकेश पारगी ने तत्काल चौकी प्रभारी एसआई जगदीश सिंह तोमर और प्रधान आरक्षक देवराज सिंह चौधरी को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो चौकी की खिड़कियों के कांच, फ्रेम, जालियां, टेबल, कुर्सियां, बेंच, मेन लाइट सहित अन्य शासकीय सामान क्षतिग्रस्त मिला।
घटना की सूचना सरवन थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया को दी गई। इसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
सीसीटीवी में तीन संदिग्ध कैद, एक की पहचान
पुलिस चौकी पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में तीन संदिग्ध नजर आए। फुटेज में एक व्यक्ति की पहचान राजेश पिता तेजिया मईड़ा निवासी आंबापाड़ा के रूप में की गई है।
दूसरे व्यक्ति ने काले रंग की पैंट-शर्ट पहन रखी थी और सफेद कपड़े से अपना चेहरा ढक रखा था। उसके हाथ में हरे रंग की गोफन नजर आ रही है। तीसरे व्यक्ति ने क्रीम रंग की शर्ट पहन रखी थी, जिसके पीछे 06 नंबर अंकित दिखाई दे रहा है। उसका चेहरा स्पष्ट नहीं होने से पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार, तीनों ने मिलकर चौकी की शासकीय संपत्ति को जानबूझकर नुकसान पहुंचाया। आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
बुलेट जब्ती की खुन्नस में वारदात की आशंका घटना के पीछे मुख्य आरोपी
राजेश मईड़ा की पुलिस से पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, करीब चार महीने पहले सरवन पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चलाने के मामले में उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की थी।
इस दौरान उसकी बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक MP 43 DY 7867 जब्त की गई थी। बताया जा रहा है कि वाहन के वैध दस्तावेज और ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होने के कारण कार्रवाई की गई थी। अदालत से करीब 30 से 40 हजार रुपये का जुर्माना होने और राशि जमा नहीं कर पाने के कारण अदालती तोर पर राजसात कार्रवाई कर दी वाहन थाने में खड़ा है ।
इस के अलावा भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई (धारा 151/107, 116): सरवन थाने द्वारा इसके खिलाफ धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस को आशंका है कि इसी कार्रवाई की खुन्नस में चौकी पर तोड़फोड़ की गई। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह आरोपियों को पकड़े जाने के बाद ही की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी आरोपी फरार है ।
आपराधिक मामलों में नाम आने की जानकारी
राजेश मईड़ा के खिलाफ पूर्व में आगर मालवा में केबल चोरी, सरवन थाने में मारपीट और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि आगर मालवा में केबल चोरी के मामले में पकड़े गए लोगों में उसका नाम भी शामिल था।
आरोपी क्षेत्र के कुख्यात गिरोह बाबा ग्रुप से जुड़े होने की जानकारी भी सामने आई है।
पूरी रात सर्चिंग, साइबर सेल की मदद से तलाश
घटना की सूचना मिलते ही सरवन थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरी रात सर्चिंग की।
कार्रवाई में थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया, चौकी प्रभारी एसआई जगदीश सिंह तोमर और प्रधान आरक्षक देवराज सिंह चौधरी प्रधान आरक्षक विजय सिंह शेखावत, प्रधान आरक्षक हिम्मत सिंह, प्रधान आरक्षक विमल निनामा, आरक्षक नीलेश नलवाया सहित सरवन थाना पुलिस बल शामिल रहा।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है। साइबर सेल की मदद से संदिग्धों की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर तलाश तेज कर दी गई है।
इन धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 324(3) और लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की धारा 3/4 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया ( सरवन )
सरवन थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया नें बताया की घटना 24 सितंबर की रात बेड़दा पुलिस चौकी पर तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण किया। चौकी पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में तीन संदिग्ध दिखाई दिए हैं, जिनमें एक की पहचान राजेश मईड़ा निवासी आंबापाड़ा के रूप में हुई है। अन्य दो की पहचान की जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है। शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बेडदा चौकी प्रभारी जगदीश सिंह तोमर ( बेड़दा )
नें बताया की घटना 24 सितंबर की रात चौकीदार मुकेश पारगी ने चौकी पर पत्थरबाजी और तोड़फोड़ की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। चौकी की खिड़कियों के कांच, जालियां, फर्नीचर और अन्य शासकीय सामान क्षतिग्रस्त मिला। सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध दिखाई दिए हैं। इस मामले में तत्काल प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस चौकी पर शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत