रतलाम/जावरा। सेवा, समर्पण और जनकल्याण के संकल्प के साथ स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर रहा लायन्स क्लब जावरा द्वारा संचालित लायन्स नेत्र चिकित्सालय निरंतर आमजन का विश्वास अर्जित कर रहा है। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, बेहतर व्यवस्थाओं और समर्पित सेवाभाव के चलते चिकित्सालय की ख्याति अब दूर-दूर तक पहुंच रही है। इसी क्रम में नागदा-खाचरौद के विधायक डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान ने जावरा स्थित लायन्स नेत्र चिकित्सालय पहुंचकर अपना संपूर्ण नेत्र परीक्षण करवाया तथा चिकित्सालय की आधुनिक सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
लायन्स क्लब जावरा के सचिव ला. संदीप रांका ने जानकारी देते हुए बताया कि चिकित्सालय पहुंचने पर वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. एन.के. वर्मा ने विधायक डॉ. चौहान का विधिवत नेत्र परीक्षण किया। इस दौरान विधायक ने डॉ. वर्मा से नेत्र स्वास्थ्य, आंखों की देखभाल और नेत्र चिकित्सा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर लायन्स क्लब जावरा के अध्यक्ष ला. सुधीर जैन, सचिव ला. गुरु संदीप रांका, पूर्व अध्यक्ष ला. अनिल धारीवाल, पूर्व अध्यक्ष ला. सजीव वर्गीस तथा ला. नरेंद्र संघवी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
आधुनिक सुविधाओं और व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
नेत्र परीक्षण के उपरांत विधायक डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान ने चिकित्सालय परिसर का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सा व्यवस्थाओं, स्वच्छता और मरीजों को दी जा रही सेवाओं के संबंध में क्लब पदाधिकारियों से विचार-विमर्श किया। इस दौरान अध्यक्ष ला. सुधीर जैन, सचिव ला. गुरु संदीप रांका, पूर्व अध्यक्ष ला. अनिल धारीवाल, पूर्व अध्यक्ष ला. सजीव वर्गीस और ला. नरेंद्र संघवी ने चिकित्सालय की कार्यप्रणाली एवं सेवा गतिविधियों की जानकारी दी।
मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है लायन्स नेत्र चिकित्सालय
चिकित्सालय की कार्यप्रणाली, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और व्यवस्थित संचालन से प्रभावित होकर विधायक डॉ. चौहान ने कहा कि लायन्स क्लब जावरा द्वारा महानगरों जैसी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं जावरा जैसे नगर में उपलब्ध कराना अत्यंत प्रशंसनीय कार्य है। यह सच्ची मानव सेवा और जनकल्याण का उत्कृष्ट उदाहरण है।
उन्होंने चिकित्सालय परिसर में व्याप्त स्वच्छता, अनुशासित वातावरण और समर्पित स्टाफ के सेवाभाव की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। साथ ही समाज के प्रत्येक वर्ग तक सुलभ नेत्र चिकित्सा पहुंचाने के लिए लायन्स क्लब जावरा के सेवा संकल्प को अनुकरणीय बताया।
लायन्स नेत्र चिकित्सालय की यह पहल क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और जरूरतमंदों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत