रतलाम। रेल यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और सतर्कता की जिम्मेदारी निभाते हुए पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ ने सराहनीय कार्य किया है। ट्रेन में सफर कर रही एक महिला यात्री का चोरी हुआ मोबाइल फोन न केवल बरामद कराया, बल्कि चोरी के आरोपी को भी पकड़कर रेलवे सुरक्षा बल के सुपुर्द कर दिया। रेलवे कर्मचारियों की इस तत्परता से महिला यात्री को बड़ी राहत मिली और रेल प्रशासन की सतर्क कार्यप्रणाली भी सामने आई।
ट्रेन संख्या 22902 में महिला यात्री अरवा मुफद्दल अपने दिव्यांग बेटे के साथ यात्रा कर रही थीं। वे ट्रेन के फर्स्ट एसी (एचए-1) कोच के केबिन नंबर C-8 एवं C-10 में सफर कर रही थीं। इसी दौरान उनका मोबाइल फोन चोरी हो गया। यात्रा के बीच मोबाइल चोरी होने से महिला यात्री परेशान हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही रतलाम मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल सक्रिय होकर कार्रवाई शुरू कर दी।
इस पूरे घटनाक्रम में टिकट चेकिंग स्टाफ के देवेंद्र प्रेमी, पप्पू सिंह राणा एवं इंद्रजीत ने अहम भूमिका निभाई। कर्मचारियों ने वडोदरा के सीएमआई कंट्रोल से संपर्क कर समन्वय स्थापित किया और संदिग्ध व्यक्ति की तलाश शुरू की। लगातार सतर्कता और सूझबूझ के साथ कार्रवाई करते हुए टिकट चेकिंग स्टाफ ने संदिग्ध व्यक्ति को ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच में ही पकड़ लिया। तलाशी एवं कार्रवाई के दौरान महिला यात्री का चोरी हुआ मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया।
इसके बाद बरामद मोबाइल फोन सुरक्षित रूप से महिला यात्री अरवा मुफद्दल को वापस सौंप दिया गया। वहीं पकड़े गए आरोपी को आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए भरूच में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सुपुर्द किया गया।
टिकट चेकिंग स्टाफ की इस सक्रियता ने जीता यात्रियों का भरोसा
रेलवे में टिकट जांच की जिम्मेदारी निभाने वाले कर्मचारियों ने जिस तत्परता, सतर्कता और आपसी समन्वय का परिचय दिया, वह सराहनीय है। खासकर दिव्यांग बेटे के साथ यात्रा कर रही महिला यात्री को उनका चोरी हुआ मोबाइल वापस मिलना बड़ी राहत की बात रही। रतलाम मंडल रेल प्रशासन ने भी इस कार्रवाई को यात्रियों की सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का उदाहरण बताया है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत