|
|
कलेक्टर ने की जनसुनवाई- 55 आवेदकों की सुनी समस्याएं कलेक्टर ने दिए रास्ता विवादों का तत्परता पूर्वक निराकरण करवाने के दिए निर्देश आगर-मालवा : जिले के सभी राजस्व अधिकारी को राजस्व न्यायालय द्वारा पारित आदेशों का त्वरित अमल एवं अनुपालन सुनिश्चित करवाएं। जनसुनवाई में रास्ता विवादों से संबंधित प्राप्त आवेदनों का मौके पर टीम भेजकर तत्काल निराकरण करवाएं और दोनो पक्षो को समझाइश देकर मौके पर ही रास्ता खुलवाएं, यह निर्देश कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट आगर में आयोजित जनसुनवाई में आवेदनों का निराकरण करते हुए सभी राजस्व अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री बी.एस. सोलंकी, एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव सहित जिला अधिकारी उपस्थित थे। जनसुनवाई में ग्राम गोठड़ा के मोहनलाल राजपूत ने अपने खेत पर आने-जाने वाले परंपरागत रास्ते को तहसीलदार के आदेश के बावजूद नहीं खोलने संबंधी आवेदन प्रस्तुत कर, रास्ता दिलवाने का अनुरोध किया। इस पर कलेक्टर श्रीमती यादव ने डिप्टी कलेक्टर श्री कमल मंडलोई को निर्देशित किया कि वे मोहनलाल के रास्ता विवाद संबंधी प्रकरण में मौके पर टीम भेजकर रास्ता खुलवाने की कार्यवाही करें। ग्राम लसुल्डि़या केलवा के दिलीप सिंह ने अपने स्वामित्व के वर्षों पुराने रास्ते को कांटे डालकर बंद करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही कर रास्ता दिलवाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने नायब तहसीलदार नलखेड़ा को मौके पर राजस्व टीम भेजकर रास्ता विवाद का निराकरण करवाने और रास्ता खुलवाने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में आगर के वार्ड क्रमांक 23, पालरोड क्षेत्र के निवासियों ने विवेकानंद नगर में लो-वोल्टेज की समस्या के समाधान हेतु आवेदन दिया। इस पर कलेक्टर ने अधीक्षण यंत्री, विद्युत वितरण कंपनी को परीक्षण करवाकर लो-वोल्टेज की समस्या का स्थाई समाधान करवाने के निर्देश दिए। किशनपुरा, डोंगरगांव, सुसनेर निवासी सुरभि दांगी ने अपने पति की भारतीय सेना में सेवा के दौरान दुर्घटना में मृत्यु हो जाने पर अनुकंपा नियुक्ति दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। कड़िया के रामकिशन, सोयत खुर्द के राकेश, डूंगर गांव के सीताराम, आगर नाका उज्जैन की विद्या पालीवाल, पिपलोन कला के प्रहलाद एवं बरेली की शमाबाई सहित अन्य आवेदकों ने भी अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किए। इन सभी प्रकरणों पर संबंधित विभागों को समय-सीमा में कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। |